आरक्षण की मांग को लेकर गोवारी समाज का हल्लाबोल; संविधान चौक से सीताबर्डी तक की सड़क जाम; वाहनों की लगी लंबी कतारें
नागपूर :- मराठा, धनगर के बाद एक और समाज आरक्षण को लेकर सड़क पर उतर गया है। आरक्षण की मांग को लेकर आदिवासी गोवारी समाज सड़क पर उतर गया। सोमवार को समाज के लोगों ने संविधान चौक पर सड़क पर उतर कर आंदोलन किया। इस कारण सड़क यातायात अवरुद्ध हो गया।
ज्ञात हो कि, पिछले 11 दिनों से समुदाय के 3 युवा नागपुर के संविधान चौक पर गोवारी समुदाय को आदिवासी आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सरकार ने इस अनशन पर कोई संज्ञान नहीं लिया है। सरकार की अनदेखी को देखते हुए सोमवार को विदर्भ सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में गोवारी आदिवासी सदस्य सोमवार को संविधान चौक पहुंचे।
आरक्षण की मांग करते हुए दोपहर को आंदोलनकारी सड़क पर उतर गए। संविधान चौक से लेकर बर्डी स्थित झांसीरानी चौक तक आंदोलन कारी जमा हुए और ट्रैफिक को जाम कर दिया। इस कारण सभी सड़कों पर वाहनों की लाइन लग गई। जिससे लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने सीताबर्डी फ्लाईओवर किया बंद
आन्दोलनकारियों के आक्रामकता को देखते हुए पुलिस ने सीताबर्डी स्तिथ गोवारी उड़ानपुल को ऐतिहातन बंद कर दिया। सीताबर्डी सहित शहर का मध्य केंद्र होने के साथ-साथ बड़ा व्यापारिक केंद्र भी है। रोजाना लाखों की संख्या में लोग यहाँ आते और यहाँ से अपने गंतव्य के लिए जाते हैं। फ्लाईओवर बंद होने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतरे लगी हुई है। नागरिक घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।

